अमृतसरः अटारी क्षेत्र के गांव चिच्चा में देर रात प्रवासी मजदूरों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक प्रवासी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी अटारी लखविंदर सिंह कलेर ने बताया कि मृतक की पहचान प्रवासी राजकुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति उसका पिता भैरो प्रसाद है। आरोपी प्रवासी मजदूर राकेश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल की गई कस्सी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार और गांव के जमींदार हरिंदर सिंह धान की ट्राली लेकर दाना मंडी गए हुए थे। तभी राकेश की पत्नी ने उसे फोन करके शिकायत की कि राजकुमार उसे बार-बार परेशान करता है। यह बात सुनते ही राकेश गुस्से में आ गया और तुरंत ट्रैक्टर लेकर गांव लौट आया।
गांव पहुंचते ही उसने राजकुमार पर कस्सी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद राकेश ने राजकुमार के पिता भैरो प्रसाद पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना घेरिंडा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल भैरो प्रसाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।