पटियाला: बठोई गांव में मां के गहनों को लेकर दो भाईयों में खूनी झड़प होने की घटना सामने आई है। जहां दोनों भाईयों में खूनी झड़प को रोकने के लिए छोटे भाई की पत्नी आ गई। इस दौरान गुस्से में आए बड़े भाई ने भाभी पर चाकू से हमलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 28 वर्षीय हेमा रानी के रूप में हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

वहीं पुलिस ने मृतक हेमा के पति विक्रमजीत के बयानों पर आरोपी कमलप्रीत कुमार और जेठानी बबिता के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक मां कुछ समय से छोटे भाई के साथ रह रही थी। शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि मां के पास करीब 10 तोला सोना था। मां के गहनों को लेकर दोनों भाइयों में झगड़ा होता रहता था।
देर रात भी गहनों को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर हेमा रानी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल महिला को पटियाला के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक महिला का एक 7 साल का बच्चा भी है। ढकाला पुलिस स्टेशन के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर हरभजन सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
