स्नेचरों को काबू करके लोगों ने की धुनाई
लुधियाना: गणेश नगर रोड पर झपटमारी की वारदात के बाद बड़ा शनिवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। बाइक सवार तीन बदमाश एक व्यक्ति का मोबाइल छीनकर फरार हो रहे थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे खड़े बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। झपटमारों का बाइक भी मौके पर गिर गया। दो झपटमार मौके से फरार हो गए जबकि उनके एक साथी को लोगों ने पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने के बाद बाइक सवार खुद भी संतुलन खो बैठे और सप्लेंडर बाइक सहित सड़क पर गिर गए। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक झपटमार को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। घायल बच्चे आयूष ने बताया कि वह गणेश नगर रोड पर खड़ा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक आई और उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसकी बाजू और टांग पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उसे आस-पास के लोगों ने तुरंत एक प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती करवाया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सलेम टाबरी इलाके का रहने वाला है और अपने दो साथियों के साथ झपटमारी करने आया था। उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। मौके से बरामद सप्लेंडर बाइक की फ्रंट नंबर प्लेट डबल लगी हुई थी। पुलिस को शक है कि बदमाश फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम देते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बाइक भी कब्जे में ले ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। गणेश नगर मार्केट के दुकानदार मोनू ने बताया कि शाम के समय अक्सर बाइक सवार युवक बाजार में संदिग्ध तरीके से घूमते रहते हैं और झपटमारी की घटनाएं आम हो चुकी हैं।
