मोगाः जिले में चोरी और लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामला लाल सिंह रोड से सामने आया है, जहां पर घर के बाहर खड़ी जैन कार लेकर 2 बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि घर के बाहर एक जैन कार खड़ी है। इस दौरान बाइक पर सवार 2 युवक आते है। जहां एक युवक बाइक से उतरकर कार के पास जाता है।
जिसके बाद वह बड़े आराम से कार का दरवाजा खोलकर कार को लेकर मौके से फरार हो जाता है।जबकि दूसरा नौजवान अपनी बाइक से चला जाता है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए कार मालिक गुरसेवक सिंह ने बताया कि कार का दरवाजा खुला रह गया था, जिसके चलते यह हादसा हो गया। हालांकि घटना से पहले पीड़ित ने गाड़ी से दस्तावेज आदि निकाल लिए थे।
दूसरी ओर डीएसपी रवींद्र सिंह ने बताया कि उन्हें कार चोरी की शिकायत मिली है। पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए है। वहीं सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।