जीरकपुरः मोहाली जिले के जीरकपुर में भाजपा ने आप पार्टी को बड़ा झटका दिया है। जहां हरियाणा के सीएम नायाब सैनी की मौजूदगी में आप पार्टी के 5 पार्षदों भाजपा में शामिल हो गए। बताया जा रहा है कि आप के पार्षद हरजीत सिंह मिंटा की ओर से समारोह आयोजित किया गया। जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी 5 पार्षदों को भाजपा में शामिल करवाया गया। इसमें हरजीत सिंह मिंटा, नेहा शर्मा, उषा राणा, रजनी शर्मा और सुनीता जैन शामिल हैं।
वैसे, यह चर्चा जीरकपुर में पिछले समय से चल रही थी कि शहर के कई पार्षद भारतीय जनता पार्टी में जा रहे हैं। इस चर्चा पर उस समय विराम लग गया, जब 3 वर्षों में 3 पार्टियां बदलने के बाद शहर के 5 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। आयोजित समारोह में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सांसद परनीत कौर, हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता और भाजपा की जिला कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा में शामिल होने वाले पांचों पार्षदों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वे हमेशा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
जीरकपुर से उनका गहरा नाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों के लिए 24 घंटे हाजिर रहता हूं, लेकिन पंजाब के लोग भी मेरे पास आकर मुझसे अपना काम करवा सकते हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि जिस-जिस राज्य में भाजपा की सरकारें हैं, वहां विकास की रफ्तार बहुत तेज है। आने वाले समय में अगर पंजाब के लोगों ने भी पंजाब में भाजपा की सरकार बनाई तो यहां भी पूरा राज्य तरक्की के रास्ते पर चलने लगेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी कहा है कि आप किसानों से मिलें और उनकी सारी फसलें एमएसपी पर खरीदनी शुरू करें, क्योंकि हरियाणा ने सारी फसलों को एमएसपी पर खरीदना शुरू कर दिया है। इसके अलावा अगर किसान की फसल खराब हो जाती है, तो उसकी भरपाई भी करते हैं। वहीं पार्षद हरजीत सिंह मिंटा ने कहा कि 4 वर्ष से नगर परिषद जीरकपुर में लोगों का कोई भी काम नहीं हो रहा था, शहर के विकास कार्य ठप पड़े थे। लोग विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे थे। इस वजह से उन्होंने यह फैसला लिया और भाजपा में शामिल हो गए।