अमृतसरः जिले में आज सुबह पंजाब पुलिस में तैनात ASI की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ASI जोगा सिंह पुत्र प्यारा सिंह, निवासी गांव घनीयाह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार जोगा सिंह अमृतसर शहर में तैनात थे और रोजाना की तरह सोमवार सुबह गुरदासपुर से एक्टिवा पर सवार होकर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह अमृतसर-फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर स्थित हमजा मोड़ गांव के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से ASI जोगा सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मजीठा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वारदात के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, पुराना विवाद या कोई अन्य कारण है।
