नई दिल्ली: पाकिस्तान के ड्रोन हमले का भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। बताया जा रहा हैकि भारत ने देर रात पाकिस्तान के 50 से ज्यादा ड्रोन को मार गिराया है। दरअसल बीती रात जब पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं के साथ विभिन्न स्थानों पर स्वार्म ड्रोन भेजने का असफल प्रयास किया। देर रात पठानकोट में सेना ने पाकिस्तानी वायुसेना के एक विमान को मार गिराया। पाकिस्तानी सेना ने जालंधर, पठानकोट, गुरदासपुर व बठिंडा में ड्रोन व मिसाइल से निशाना बनाया। जालंधर में सेना ने 2 ड्रोन हमलों को जहां नष्ट किया, वहीं पठानकोट में मिसाइल, ड्रोन व पाक विमान को हमले विफल किए। मिली जानकारी के अनुसार भारत ने अपनी सतर्कता और प्रभावी एयर डिफेंस सिस्टम का उपयोग करते हुए पाकिस्तान के जेट को मार गिराया और एक बार फिर से अपनी हवाई सुरक्षा को साबित किया।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान का जेट पाकिस्तानी वायुसेना के प्रमुख एयर बेस सर्गोथा से उड़ान भरकर भारत की सीमा के पास पठानकोट सेक्टर में आया था। भारतीय सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली (SAM) ने इस जेट को हवा में ही नष्ट कर दिया। पठानकोट सेक्टर भारत के लिए एक सामरिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित है और जम्मू की ओर जाने का अहम रास्ता है। जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में एल-70 तोपों, ZU-23 मिमी, शिल्का सिस्टम और अन्य बेहतरीन काउंटर-यूएएस उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। ये हवाई खतरों का मुकाबला करने की सेना की मजबूत क्षमता को दर्शाता है।
भारत ने अपने शानदार एयर डिफेंस का नमूना पेश करते हुए पाकिस्तान के इन सभी हमलों को नाकाम कर दिया। भारतीय सेना के एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम जिसे ‘सुदर्शन चक्र’ नाम दिया गया है, ने 7-8 मई की रात को पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन और मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया और वे कुछ नुकसान कर पाते उससे पहले ही उन्हें नष्ट कर दिया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि एस-400 सिस्टम पाकिस्तान से आने वाले खतरों को बेअसर करने के लिए भारत के शस्त्रागार का अहम हिस्सा है। पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर में हुए नुकसान से बौखला गया है और आत्मघाती फैसले कर रहा है। बता दें कि 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी शिविरों को एयर स्ट्राइक में तबाह कर दिया था।
