अमृतसरः शिरोमणि अकाली दल अमृतसर की ओर से रखड़ पुनियां के पवित्र अवसर पर बाबा बकाला साहिब में आयोजित की जाने वाली बड़ी कॉन्फ्रेंस को लेकर अमृतसर में अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। पार्टी नेता उपकार सिंह संधू और स्त्री अकाली दल की अध्यक्ष बीबी रजिंदर कौर जैतो ने कहा कि इस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पंजाबियों को मानवाधिकारों की रक्षा के लिए लामबंद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत शताब्दी को समर्पित यह आयोजन रखा जा रहा है जो कि सिख समुदाय के लिए मानवाधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की मिसाल बनेगा।
संधू ने राजस्थान की घटना का उल्लेख करते बताया कि एक सिख लड़की को केवल ककार पहनने के कारण परीक्षा में बैठने नहीं दिया गया, जो संवैधानिक अधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस मौके पर बीबी रजिंदर कौर जैतो ने महिलाओं को जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल अमृतसर मानवाधिकारों और सिख इतिहास की रक्षा करने वाली पार्टी है। सिमरजीत सिंह मान की प्रशंसा करते कहा कि वह ऐसे नेता हैं जिन्होंने अपने करियर की कुर्बानी देकर समुदाय की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की। चाहे वह 2002 के गुजरात दंगे हों या बाबरी मस्जिद की घटना या किसी भी धर्म के लोगों पर हुए अत्याचार। मान ने हर मौके पर अपनी जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने बताया कि शिरोमणि अकाली दल अमृतसर द्वारा रखड़ पुनियां दिवस पर आयोजित की जाने वाली कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक बड़ा संदेश भारतीय सरकार तक पहुंचाया जाएगा कि सिख समुदाय अपने मानवाधिकारों, धार्मिक और संवैधानिक अधिकारों के लिए एकजुट है। तरनतारन में होने वाले जिम्मनी चुनावों को लेकर जब उनसे सवाल किया तो संधू ने कहा कि पीईसी की बैठक दो-तीन दिनों में होगी, जिसमें यह फैसला होगा कि पार्टी अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी या किसी और का समर्थन करेगी।