अमृतसरः जिले में कुछ दिन पहले सड़क हादसे कीघटना सामने आई थी। जिसमें घायल व्यक्ति को अस्पताल में उपचार के दौरान लेकर गए व्यक्ति ने घायल व्यक्ति की बेहोशी का फायदा उठाते हुए जेब से 2 लाख रुपए निकाल लिए थे। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई थी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 70 हजार रुपए और एक एक्टिवा बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी अरविंद मीना ने बताया कि जिले के डायनोसटिक सेंटर में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए आरोपी लेकर आया था। इस दौरान स्टेचर पर बेहोश घायल व्यक्ति की जेब से आरोपी ने 2 लाख रुपए निकाल लिए और घटना स्थल से फरार हो गया।
जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करके उनकी टीम ने आरोपी की तालाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सुनील सैनी उर्फ गोरी शंकर के रूप में हुई है। आरोपी के वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई एक्टिवा नंबर PB08-DB-8840 और 70 हजार की नगदी बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ में आरोपी से ओर खुलासे होने की संभावना है।
