मोगाः जिले के गांव धलेके में तेज रफ्तार का मंजर देखने को मिला। 18 फरवरी बुधवार रात करीब 10 बजे एक बेकाबू स्कॉर्पियो गाड़ी गाँव की गली में बनी करियाना की दुकान में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी दुकान से टकराकर ही गली में पलट गई।
इस दौरान उस समय दुकान के अंदर सामान खरीद रहा 22 साल का युवक हादसे की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक 22 वर्षीय युवक का नाम सुखवीर सिंह बताया जा रहा है और वह गाँव धल्लेके का रहने वाला था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो गाड़ी को तेज रफ्तार से आकर दुकान से टकराते और फिर पलटते हुए साफ़ देखा जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे सुखवीर सिंह दुकान से दूध लेने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर उन्हें टक्कर मारते हुए दुकान के अंदर घुस गई और पलट गई। हादसे के समय गाड़ी में 5 युवक सवार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद 4 युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार युवक शराब के नशे में थे। पकड़ा गया युवक गांव खोसा रणधीर का निवासी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मृतक के भाई लखबीर सिंह ने बताया कि सुखवीर सिंह सैलून का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसका तीन वर्षीय बेटा है। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिवार ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। दुकान मालिक राजकुमार ने बताया कि हादसा अचानक हुआ। गाड़ी सीधे दुकान में घुस आई। उस समय बाहर अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्दी बाकी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।