बठिंडा: जिले के गांव सेलबरा में सरकारी प्राइमरी स्कूल में लगी हेड टीचर को मुख्यमंत्री आवास से फोन करके ठगी मारने का मामला सामने आया है। टीचर रमनप्रीत कौर ने बताया कि 23 जून को उनके फोन पर कॉल आई थी। इस दौरान व्यक्ति खुद को सीएम हाउस से बोलने का कह रहा था। उसने कहा कि आपके स्कूल को 50 हजार की कंपोजिट ग्रांट आई है, जिसका आधा स्कूल में उपयोग किया गया और आधे की गबन हो गई, जिस कारण उनकी जांच शुरू हो गई है।
उसने बताया कि उक्त फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि यदि आप सेवा में रहकर जांच कराना चाहते हैं तो ग्रांट का 50 प्रतिशत राशि खाता संख्या 44021720000003994 में जमा करा दें। उसने धमकी दी कि यदि पैसे ट्रांसफर नहीं किए तो डीडीओ कार्यालय से आपका सस्पेंशन आदेश जारी करवा लेंगे। रमनप्रीत ने डर के मारे अपने बेटे के बैंक खाते से फोन करने वाले व्यक्ति को दो बार 25-25 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से भेज दिए। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति ने बाद में फोन करके 10 हजार और 40 हजार रुपये की मांग की।
इससे रमनप्रीत कौर को पता चला कि कोई उनके साथ धोखाधड़ी कर रहा है। इसके बाद उन्होंने अपने खाते में कोई पैसा नहीं डाला। इसके बाद फोन बंद हो गया। उन्होंने बताया कि 24 जून से फिर उन्हें फोन कॉल आ रहे हैं जिन्हें वे रिसीव नहीं कर रही हैं। उन्होंने अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी की साइबर क्राइम में शिकायत देकर इंसाफ की मांग की। साइबर क्राइम थाना इंस्पेक्टर सुखवीर कौर ने पीड़िता के बयानों पर फोन करने वाले नामालूम व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
