मोगा। जिले से एक चलती कार में आग लगने की घटना सामने आई है। जहां, बताया जा रहा है कि दानेके के पास बन रहे नेशनल हाइवे पुल के नज़दीक एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत ये रही कि कार चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति बाल-बाल बच गये। जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
वहीं, सूचना मिलते ही मोगा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर अधिकारी ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से फोन आया था कि एक कार में आग लग गई है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
इस घटना में कार चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति की जान बाल-बाल बच गई। दोनों ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, यह कार एक ड्राइविंग स्कूल की थी, जिसमें नए शिक्षार्थियों को गाड़ी चलाने की ट्रेनिंग दी जाती है।
मौके से मिली तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि आग कितनी भयावह थी। पूरी कार जलकर राख हो गई और आसपास का इलाका भी धुएं से भर गया। लोगों ने फायर कर्मियों की तत्परता और हिम्मत की सराहना की, क्योंकि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था।