मोहालीः जगराते में ढोल बजाकर अपने घर का गुजारा करने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति की किस्मत चमक गई। दरअसल, व्यक्ति ने 1.5 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती। एक लॉटरी ने व्यक्ति की किस्मत चमका और रातों रात वह करोड़पति बन गया। मिली जानकारी के अनुसार नवांशहर के रहने वाले गुरचरण सिंह ने मंथली ड्रॉ में डेढ़ करोड़ रुपए की लॉटरी जीती है। दिलचस्प बात यह है कि गुरचरण सिंह ने यह टिकट अपने बेटे मान सिंह के नाम पर खरीदा था।
4 अप्रैल 2026 को जब ड्रॉ निकला तो मंगलवार (7 अप्रैल) को विजेता परिवार आधिकारिक तौर पर लुधियाना में टिकट विक्रेता के पास पहुंचा। यहां गुरचरण सिंह ने अपनी जीत का दावा पेश किया और जरूरी दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी कीं। अब वह लॉटरी क्लेम करने चंडीगढ़ लॉटरी ऑफिस गए हैं। गुरचरण सिंह ने बताया कि वह पेंटिग आर्टिस्ट हैं और देवी जागरण में ढोलक बजाते हैं। पिछले 40 साल से वह लॉटरी टिकट खरीद रहे थे। नवांशहर के के गांव उरापड़ के रहने वाले विजेता गुरचरण सिंह पेशे से एक पेंटिंग आर्टिस्ट हैं।
हालांकि, रंगों से तस्वीरें उकेरने के साथ-साथ उनका आध्यात्मिक लगाव भी है। वह वर्षों से भगवती जागरणों में ढोलक बजाते आ रहे हैं। विजेता गुरचरण सिंह ने कहा कि 4 अप्रैल को ड्रॉ खुलने के साथ ही मुझे फोन आया। लॉटरी विक्रेता ने बताया कि मेरा बंपर इनाम लगा है। मेरी तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसके बाद हम लॉटरी क्लेम के लिए डॉक्यूमेंटेशन में लग गए। उन्होंने बताया कि मुझे खुद पर और अपनी किस्मत पर पूरा भरोसा था। 40 साल से मैं टिकट खरीद रहा था।
कभी इतना बड़ा इनाम लगा नहीं, लेकिन फिर भी उम्मीद नहीं छोड़ी। आज मेरे बेटे के नाम पर लगी इस लॉटरी ने मेरे 4 दशकों के इंतजार को एक सुखद अंत दे दिया है। गुरचरण सिंह ने बताया कि उन्होंने यह लॉटरी टिकट अपने घर के पास से ही स्टॉल से खरीदा था। परिवार में उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। उन्होंने इस जीत का पूरा श्रेय अपने परिवार की खुशहाली और अपने बेटे मान सिंह के भाग्य को दिया है। इतनी बड़ी राशि जीतने पर गुरचरण सिंह ने बताया कि इस इनामी राशि का उपयोग वह अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और अपने पुश्तैनी काम को आगे बढ़ाने के लिए करेंगे।