ज़ीरकपुरः ज़ीरकपुर के सैनी विहार फेज-3 में भारी हंगामा देखने को मिला। जहां बलटाना की गली में गेट लगाने को लेकर विवाद गरमा गया। इस दौरान गेट लगाने को लेकर हाथापाई हो गई और घटना में दपंति सहित 4 परिवारिक सदस्य घायल हो गए। आरोप है कि गली में रहने वाले कुछ लोगों ने मिलकर दंपति और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। पीड़ित पार्वती पांडे ने बताया कि उनके घर के बाहर गली के प्रवेश द्वार पर कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से गेट लगाया जा रहा था, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई थी। इस संबंध में उन्होंने नगर परिषद (एमसी) कार्यालय में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।
उनके अनुसार बीते दिन एमसी की टीम गेट को हटाने के लिए पहुंची थी, जिसके बाद से ही गली में तनाव का माहौल बन गया। पार्वती पांडे का आरोप है कि शाम के समय करीब 5-7 लोग उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में उनके पति के.डी. पांडे घायल हो गए, जबकि उनकी सास चंपा रानी का दांत टूट गया। पार्वती पांडे और उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी त्रिषा पांडे को भी चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए पहले ढकोली अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सेक्टर-32 अस्पताल चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार ने रात में ही पुलिस थाने में लिखित शिकायत दे दी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गली में रहने वाले सोमनाथ और उसका बेटा-बहू, सब्जी वाला गुप्ता व उसका परिवार, राणा और उसकी पत्नी, दीपक नेगी की पत्नी और उसकी जेठानी तथा माधवी देवी की किरायेदारनी सहित कई लोगों ने मिलकर उन पर हमला किया। इस घटना से जुड़ी एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें गली के कुछ लोग कथित तौर पर पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए चोंकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह नें बताया कि हम इस मामले की जांच में जुटे हुए हैं और जांच में जो दोषी पाया जाएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।