विदेश से हो रही हथियारों की तस्करी
अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस ने क्राइम की वारदातों पर नकेल कसते हुए आरोपियो को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी मॉडल का पर्दाफाश करते हुए नाबालिग समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 7 आधुनिक पिस्टल बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, ये हथियार पाकिस्तान व से ड्रोन के जरिए भारत की सीमा के अंदर फेंके जाते थे और फिर निर्धारित कोऑर्डिनेट्स के आधार पर इन्हें आगे अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। इस संबंधी थाना कंटोनमेंट अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा इस गिरोह के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे नेटवर्क को बेनकाब किया जा सके। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा गैंगस्टर और संगठित अपराध के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस ने क्रॉस बॉर्डर आर्म सामग्री के पूरे मॉडल को बेनकाब करते हुए नेटवर्क को तोड़ दिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से 5 नाइन एमएम Glock पिस्टल और 2 .30 बोर के पिस्टल बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि इस मॉडल के पीछे पुर्तगाल में बैठा एक विदेशी हैंडलेर था, जो पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ मिलकर ड्रोन के जरिए हथियार भारत की सीमा में भेजता था।
फिर इन्हें अलग-अलग इलाकों के नौजवानों के जरिए इकट्ठा कराके अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अमृतसर, बटाला और तरनतारन क्षेत्रों के रहने वाले नौजवान शामिल हैं, जिनकी उम्र अधिकतर 30 साल से कम है, वहीं एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस अनुसार कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अगर ये हथियार खराब तत्वों तक पहुंच जाते तो समाज के लिए बड़ा खतरा हो सकता था। इसीलिए पुलिस ने समय पर कार्रवाई कर इस नेटवर्क को तोड़ दिया है और जांच अभी भी जारी है। उन्होंने माता-पिता और समाज से भी अपील की कि नौजवानों को ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रखने के लिए साझा प्रयास किए जाएं, क्योंकि अक्सर छोटे लालच में युवा गलत रास्ते पर चले जाते हैं।
