सुल्तानपुर लोधीः कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के मोहल्ला पंडोरी में एक ही परिवार के 4 जवान बेटों की मौत हो चुकी है। वहीं 5वां बेटा भी नशे करने का आदी है। 5वां बेटा अब इसी वजह से बिस्तर पर पड़ा है और उसे सांस लेने में मुश्किल हो रही है। यहां तक कि डॉक्टर भी अब जवाब दे चुके हैं। इस मामले को लेकर मां का रो-रो-कर बुरा हाल हो रहा है। पीड़ित मां मनजीत कौर ने रोते हुए बताया कि उसके बेटे धीरे‑धीरे नशे के आदी हो गए थे और इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मां ने उसके घर की सारी खुशियां छीन ली गई है।
मनजीत कौर ने कहा- नशे की वजह से मैं अपने मिथुन और रवि समेत 4 बेटों को खो चुकी हूं। इनमें 2 शादीशुदा और 2 कुंवारे थे। अब 32 साल का 5वां बेटा सोनू भी बिस्तर पर पड़ा है। हमें डर है कि अब इसकी भी मौत हो जाएगी। मनजीत कौर ने कहा कि जब हम बेटे सोनू को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने कहा कि उसकी नसे नहीं मिल रहीं। उसे कोई इंजेक्शन नहीं दे सकते, सिर्फ दवाई ही दे सकते हैं। डॉक्टरों ने भी पूरे इलाज से हाथ खड़े कर दिए। पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस से गांव में चल रहे नशा तस्करी के धंधे को तुरंत बंद करवाने की अपील की है। पीड़िता ने कहा कि इससे अन्य परिवारों की रोशनियां ना बुझ सके।
गांव वालों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में तस्करों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएं और युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। वहीं एक महिला ने कहा कि उसका बेटा नशे का आदी था। उसने बहुत कोशिश की लेकिन बेटा नशा नहीं छोड़ पाया। इस वजह से बहू ने ही बेटे को छोड़ दिया। जिससे उसकी जिंदगी ही बर्बाद हो गई। इस मामले में कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने कहा कि जल्द ही पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। जो भी यहां नशा बेचने आते हैं, उन पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। जो लोग नशे से पीड़ित हैं, उन्हें इलाज के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अलावा उनका इलाज भी कराया जाएगा।