अमृतसरः जिले में बाईपास पर मकलीला पुल के पास देर रात पुल के पास सड़क हादसे में 3 युवाओं की जिंदगी छीन ली, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यह हादसा रात लगभग 12 से 2 के बीच हुआ। जानकारी के अनुसार, गांव लापोके से आ रही एक कार मकलीला पुल के पास बेकाबू होकर रेलिंग से टकरा गई। टक्कर लगते ही पूरी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के दौरान कार में 4 युवक सवार थे, जिनमें से 3 मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक सुन्नी गांव चक्क मिस्री खां का रहने वाला है, वह गंभीर घायल हालत में अस्पताल भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। तीन मृतक युवाओं में से एक चक्क मिस्री खां का, दूसरा लापोके का और तीसरा बोपाराए बाज कलां का रहने वाला बताया गया है। हादसे की भयंकरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार का इंजन तक अलग होकर दूर गिर गया।
मौके पर पहुंची पुलिस कर्मियों ने कार में सवार तीन युवाओं की मौत की पुष्टि की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला रात का है और वह सुबह ड्यूटी पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और अधिक जानकारी चौकी इंचार्ज से मिल सकेगी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और मित्रों ने बताया कि रात के समय मार्किंग या लाइट्स की कमी होने के कारण कार सीधी दीवार से टकराई हो सकती है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।