संगरूरः जिले के भवानीगढ़ शहर में स्थित गैस एजेंसी के दफ्तर में घुसकर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना देर रात की है। जहां गैस एजेंसी के मैनेजर से चार अज्ञात नकाबपोश लूटेरों ने तेजधार हथियारों के बल पर करीब 8 लाख रुपये लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी संगरूर मनप्रीत सिंह, डीएसपी (हेड क्वाटर) रूपिंदर कौर और थानाध्यक्ष भवानीगढ़ प्रतीक जिंदल पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
भारत गैस एजेंसी के मालिक चरणपाल सिंह सिद्धू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एजेंसी के मैनेजर तलविंदर सिंह दफ्तर में बैठे हुए थे, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर चार नकाबपोश आए। जिनमें 3 लोग गैस एजेंसी में घुसे जिनके पास तेजधार हथियार भी थे। लूटेरों ने मैनेजर धमकी देते हुए कहा कि जो तुम्हारे पास है उसे निकाल दो, नहीं तो खुद का नुकसान मत करवा लेना। हथियार देखकर मैनेजर डर गया। इस बीच लुटेरों ने काउंटर की दराज में तोड़फोड़ की और सारा कैश लूट कर भाग गए।
मैनेजर तलविंदर सिंह ने बताया कि लुटेरों के पास तेजधार हथियार थे और गैस एजेंसी से करीब 7.95 लाख रुपये लूट कर लुटेरे फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक लुटेरों के आने-जाने की तस्वीरें पास के प्राचीन शिव मंदिर के कैमरों में रिकॉर्ड हो गई हैं। जिसमें स्पष्ट है कि एक मोटरसाइकिल पर चार व्यक्ति आए और घटना को अंजाम देने के बाद सभी व्यक्ति एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। शहर के ठीक बीचोबीच हुई लूट की इस घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है।
