चंडीगढ़ः पंजाब में रात के बाद अब दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे पहुंच गया है। मंगलवार को बठिंडा का अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, पंजाब के नौ जिलों का न्यूनतम तापमान शिमला-धर्मशाला के न्यूनतम तापमान से भी नीचे चला गया है। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया है। यहां रात का पारा चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। रोपड़, फिरोजपुर, गुरदासपुर, अमृतसर, लुधियाना का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम दर्ज किया गया है।
उधर, मौसम विभाग के मुताबिक आगामी चार दिन पंजाब के 18 जिलों में घनी धुंध के साथ शीतलहर चल सकती है। साथ ही 23 दिसंबर को पंजाब में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ेगा। धुंध की चेतावनी गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, पटियाला के लिए जारी की गई है।