लुधियानाः फोकल पॉइंट के नीची मंगली में प्लास्टिक कुर्सियों के गोदाम में शुक्रवार रात आग लग गई। एक पुलिस अधिकारी दलजीत सिंह ने कहा कि एक फर्नीचर गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि गोदाम की बिल्डिंग में दरारें आ गई। आग को देख ऐसा लग रहा है कि 50-60 लाख रुपये का नुकसान हो सकता है। वहीं, आगे बोले कि अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि आग कैसे लगी। आग की लपटें देख कई फैक्ट्री मालिकों ने अपनी लेबर को कारखानों से बाहर निकाल लिया। घटना के तुरंत बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पड़ोसी नगिन्द्र सिंह ने बताया कि यह आग हाईवे प्लास्टिक के गोदाम में लगी है। रात को वह अपनी फैक्ट्री के बाहर खड़े थे। अचानक से हाईवे प्लास्टिक के गोदाम के पिछले रास्ते से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलता देख गोदाम में जो दो लोग डयूटी देते हैं उन्हें सूचित किया। नगिन्द्र ने कहा कि आस-पास के अन्य फैक्ट्री संचालकों को भी सूचित किया गया । लोगों ने खुद भी आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग कंट्रोल होने की बजाए बढ़ती रही। आग बढ़ती देख पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग बुझाने में करीब 15 से 18 गाड़ियों का इस्तेमाल किया है।
फायर अधिकारी राजिंद्र कुमार ने बताया कि गोदाम में प्लास्टिक का काफी दाना पड़ा था। प्लास्टिक का दाना पेट्रोल के बराबर काम करता है। आग फैलने का मुख्य कारण तेज हवा भी है। हवा का बहाव गोदाम की तरफ था। जिस कारण देखते ही देखते पूरा गोदाम राख हो गया। आग लगने के कारण आस-पास की बिल्डिंग के लोगों को भी बाहर निकाल लिया गया। थाना फोकल पॉइंट की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की भीड़ को खदेड़ा।