लुधियाना : पंजाब में क्राइम की वारदातों के ग्राफ में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। पंजाब में चोरी और लूट के मामले बढ़ते ही जा रहे है। नशे की पूर्ति के लिए नशेड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम देते है। चोरी और लूट की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसा ही मामला लुधियाना से सामने आया है। पतंग कारोबारी से एक्टिवा सवार 3 बदमाशों ने कैलाश चौक के नजदीक पिस्टल की नोक पर लूट की। कारोबारी की पत्नी ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्तौल निकाल कर दंपती पर तान दी। उन्हें धक्का देकर बदमाश उसकी एक्टिवा छीनकर फरार हो गए। एक्टिवा में उसके पूरे दिन की सेल के करीब 4 से 5 लाख रुपए पड़े थे।
पीड़ित कारोबारी ने थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। कारोबारी के बेटे नवीन ने कहा कि उनकी दुकान दरेसी सीता माता मंदिर के सामने है। कल पूरे दिन पतंग बेचकर करीब 4 से 5 लाख रुपए की सेल की थी। देर रात दरेसी रोड पर कुछ युवक झड़प करने लगे। पूरे बाजार में हुड़दंग मच गया। इस दौरान जल्दबाजी में उन्होंने पूरे दिन की सेल एक लिफाफे में डालकर पिता नवल किशोर को दी।
नवल पत्नी चंचल के साथ एक्टिवा पर जब घर जाने लगे तो कैलाश चौक के नजदीक एक्टिवा सवार 3 बदमाश आए। उन्होंने उसके पिता की एक्टिवा में टक्कर मारी। नवल जब तक एक्टिवा संभाल पाते एक बदमाश ने उन पर हथियार तान दिया। मां चंचल ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने उन्हें भी धक्का दिया।
बदमाशों ने उसके पिता नवल पर पिस्तौल तान दी। गाली-गलौज करते हुए तीनों युवक उनकी एक्टिवा लेकर फरार हो गए। नवीन के मुताबिक उन्हें शक है कि दरेसी रोड पर जो झड़प हुई है, उसी दौरान कुछ लोग उसके पिता का पीछा कर रहे होंगे, जिन्होंने कैलाश चौक के अंधेरे में उसके पिता को रोककर लूट लिया। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।