पटियालाः जिले में नशे की ओवरडोज से 40 साल के कबड्डी खिलाड़ी की मौत हो गई है। भादसों थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में खिलाड़ी के एक दोस्त के अलावा 8 नशा तस्कर भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार सतविंदर प्रदेश स्तर के कई कबड्डी टूर्नामेंट में खेल चुका था। आरोप है कि दोस्त ने जबरन कबड्डी खिलाड़ी को नशे की ओवरडोज दी थी। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
मृतक की पहचान सतविंदर सिंह के तौर पर हुई है, जो विवाहित था। वहीं, आरोपियों में दोस्त संजीव कुमार, राजविंदर सिंह, राजू, सोना, लक्ष्मी, बिमला, चरनो, भोली, छोटी सभी निवासी गांव रोहटी छन्ना शामिल हैं। कबड्डी खिलाड़ी के भाई परविंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नशे की लत का शिकार आरोपी संजीव कुमार 13 जुलाई को उनके घर आया और सतविंदर को अपने साथ ले गया। देर रात संजीव उसके भाई को घर छोड़ गया।
सतविंदर सिंह ने काफी नशा किया हुआ था, जिस कारण थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए तुरंत नाभा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
