चंडीगढ़ः पंजाब के एआईजी आशीष कपूर पर पुलिस कस्टडी में रेप के आरोप लगाने वाली शिकायतकर्ता महिला से शुक्रवार को पंजाब के गवर्नर बीएल पुरोहित मिले। इस दौरान पीड़िता ने गवर्नर को बताया कि आशीष कपूर ने पहले उनसे जबरन संबंध बनाए। इसके बाद भी उनके बीच रिलेशन रहे, लेकिन जब वह प्रेग्नेंट हुई तो कपूर ने उसका अबॉर्शन करवा दिया। उन्होंने बताया कि एआईजी कपूर ने उनके घर पर 10 करोड़ रुपए भी रखे थे।
पीड़िता ने मामले की जांच पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप की पुरानी टीम से करवाए जाने की अपील की है, ताकि सच सामन आ सके।पीड़िता ने बताया कि पंजाब पुलिस ने 5 साल में केवल एक केस दर्ज किया है। लेकिन इस मामले में भी सही कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि न्याय नहीं मिलने पर उन्होंने पंजाब गवर्नर को ईमेल कर शिकायत की थी। इसके बाद गवर्नर ने उन्हें मुलाकात का समय दिया।
पंजाब गवर्नर ने बीते दिनों पीड़िता की शिकायत के सबंध में सीएम भगवंत मान को लेटर लिखा था। उन्होंने मामले में वीडियो क्लिप के संदर्भ के अनुसार शिकायत पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने से स्वयं को हताश बताया था। साथ ही सीएम मान से मामले के फैक्ट पर नजर डालने को कहा था, लेकिन सीएम मान द्वारा गवर्नर के इस लेटर का जवाब नहीं दिया गया था। माना जा रहा है कि इसी कारण अब गवर्नर ने आज स्वयं पीड़िता की सुनवाई की। गवर्नर द्वारा सीएम मान को मामले से संबंधित लेटर पंजाब कैडर के आईपीएस एवं चंडीगढ़ के पूर्व एसएसपी कुलदीप चहल के संबंध में भेजे गए लेटर के साथ भेजा गया था।
