चंडीगढ़: केंद्रीय बजट को लेकर आम आदमी पार्टी पंजाब ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह बजट एक बार फिर पंजाब की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में न तो किसानों के लिए एमएसपी की गारंटी है, न युवाओं के लिए रोजगार का भरोसा और न ही उद्योग या टैक्स प्रणाली को कोई राहत दी गई है। सीएम मान ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब की आर्थिकता को मज़बूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे राज्य के साथ एक बार फिर नाइंसाफी हुई है।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने भी बजट को किसान विरोधी बताया। उनका कहना है कि केंद्र सरकार ने पंजाब और हरियाणा के किसानों की जायज़ मांगों को नज़रअंदाज़ किया है। बजट में न तो एग्रीकल्चर और मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ठोस प्रावधान हैं और न ही फसल विविधीकरण या बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए किसी तरह की राहत दी गई है। नेताओं ने कहा कि देश का पेट भरने वाले किसानों के साथ यह रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
वहीं मंत्री अमन अरोड़ा, कुलदीप सिंह धालीवाल और अन्य आप नेताओं ने बजट को पंजाब के साथ भेदभावपूर्ण करार दिया। नेताओं का कहना है कि बड़े-बड़े दावों के बावजूद बजट में पंजाब, किसान, युवा और आम लोगों के लिए कुछ भी ठोस नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर पंजाब की लगातार अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य के लोग अपने दम पर आगे बढ़ेंगे, लेकिन यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
