सरकार ने हमारी मांगे न मानी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।
पंचकुलाः सेक्टर 6 के नागरिक अस्पताल के बाहर नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रधान विनीता बांगड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पंचकूला नागरिक अस्पताल में आज हमारे नर्सिंग स्टाफ द्वारा प्रोटेस्ट किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि नर्सिंग अलाउंस सेंटर गवर्नमेंट द्वारा 1998 से दिया जा रहा है और तभी से हम इसके लिए फाइट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेंट्रल गवर्नमेंट का नर्सिंग अलाउंस उस समय 1600 रुपए था जो कि अब बढ़कर 9000 पहुंच चुका है। अतः हमारी प्रशासन से मांग है कि हमें भी 7200 रुपये अलाउंस दिया जाए क्योंकि जो काम केंद्र में किया जाता है वहीं काम हमारे द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हम नाइट ड्यूटी करते हैं और 90 प्रतिशत हमारी महिलाएं भी रात भर काम करती हैं जिनको स्पॉन्डिलाइटिस, सर्वाइकल, स्पाइनल प्रॉब्लम व इंफेक्शन के सबसे ज्यादा चांसेस होते हैं । हम सरकार से 7200 रुपये अलाउंस की डिमांड कर रहे हैं जिसको लेकर सरकार हमारी सुनवाई नहीं कर रही है।
इस मामले को लेकर हमारी बीती 29 जनवरी को भी हेल्थ मिनिस्टर के साथ मीटिंग भी हुई थी। इस मीटिंग में उन्होंने अपनी तरफ से इसके लिए हां कर दी थी लेकिन उसके बाद भी कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई।
हम सरकार से मांग करते हैं कि हमें समान 7200 रुपये अलाउंस दिया जाए इसके अलावा हमारी दूसरी मांग यह है कि नर्सिंग स्टाफ को सम्मान के रूप में ग्रुप बी में जोड़ा जाए क्योंकि कोरोना काल के दौरान सबसे ज्यादा हमारे नर्सिंग स्टाफ ने दिन रात अपनी जान की परवाह किए बिना ड्यूटियां दी थी।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार हमारी बातें नहीं मानती तो हम 2 घंटे की हरियाणा भर में राज्य स्तर पर हड़ताल करेंगे और सीएम आवास का घेराव करेंगे। फिलहाल हमारी ओर से इमरजेंसी सुविधा चालू रहेंगी और अगर सरकार द्वारा मांगे नहीं मानी जाती तो हम सभी प्रकार की सुविधाएं बंद कर देंगे।
