लुधियानाः जगराओं के लुधियाना-सिधवां रोड पर सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां गांव आलीवाल के नजदीक कार और बाइक की टक्कर लगने से 3 लोग घायल हो गए। घायलों को लोगों की सहायता से लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक डेयरी पर दूध डालकर वापस आ रहा था। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
जानकारी के अनुसार आलीवाल गांव के पास एक रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार सवार दोनों लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोगों ने तुरंत तीनों घायल लोगों को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया है।
मौके पर मौजूद लोगों ने जानकारी देते हुए कहा कि कार सवार लोग मलक चीमना गांव के रहने वाले है, वहीं बाइक सवार आलीवाल का रहने वाला है। लोगों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ जब एक किसान अपने खेतों में फसल की बुआई के लिए खेत में ट्रैक्टर चला रहा था। उससे उड़ रही धूल के कारण कार चालक को शायद कुछ दिखाई नहीं दिया। जिस कारण कार रॉन्ग साइड आकर सीधे बाइक से टकरा गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
