अमृतसर। दिल्ली एयरपोर्ट पर किसानों को कृपाण के साथ प्लेन में बैठने से रोकने का मामला सामने आया है। जहां, तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली व पुडुचेरी में आयोजित किसान महापंचयतों में शामिल होने जा रहे पंजाब के किसानों को एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। किसानों को कृपाण के साथ जहाज पर चढ़ने की अनुमति नहीं थी। वहीं, किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कृपाण को महज एक बहाने के तौर पर इस्तेमाल किया गया है, जबकि सरकार को किसान आंदोलन के उत्तर भारत में विस्तार का डर है। सरकार तानाशाही पर उतर आई है।
दरअसल, एमएसपी गारंटी कानून के मुद्दे पर संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) द्वारा तमिलनाडु में आयोजित की गई महापंचायतों में हिस्सा लेने के लिए किसान आज निकल रहे थे। इनमें किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, बलदेव सिंह सिरसा और सुखदेव सिंह भोजराज के पास कृपाण नहीं थी, लेकिन फिर भी उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर विमान में चढ़ने से रोक दिया गया। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।