अबोहरः पंजाब में नशे से हो रही मौतों का आकंड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन राज्य में नशे की ओवरडोज से मौतें हो रही है। वहीं अब बुर्जमुहार कॉलोनी निवासी एक युवक की नशे से मौत हो गई। युवक ने इलाज के दौरान आज सुबह फरीदकोट अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, कॉलोनी वासियों ने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों पर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार बुर्जमुहार निवासी 25 साल के मृतक धर्ममीत पुत्र गुरमीत सिंह के परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से नशे का आदि था। गत दिनों उसकी हालत खराब होने पर अबोहर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा था। आज सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक अविवाहित था।
इधर, गांव के सरपंच गुरसाहिब सिंह ने बताया कि मृतक पिछले डेढ़ साल से चिट्टे का आदि था। करीब एक सप्ताह पहले ही उसने नशा छोड़ने का प्रयास किया था, जिसके बाद से उसकी तबीयत खराब होने लगी। जिस पर परिजनों ने उसे अस्पताल भर्ती करवाया था। जिसके चलते आज सुबह उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गांव में करीब 2 दर्जन युवक इस नशे की दलदल में फंसे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा पर रोक लगाने और नशा पीड़ितों को इस दलदल से निकालने की मांग की है।
इधर, गांव के ही कृष्ण सिंह व एक महिला सतवंत कौर ने बताया कि केवल इस युवा की नशे से मौत नहीं हुई, बल्कि अब तक अनेक युवाओं की मृत्यु नशे के कारण हो चुकी है। कई घर उजड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि दाना मंडी के निकट ही नशा तस्करों से यहां के युवा नशा खरीदते हैं, जिन पर पुलिस को शिकंजा कसना चाहिए। इधर, एसएसपी से नशा तस्करों के बारे पूछने पर उन्होंने बताया कि पुलिस नशा तस्करों को पकड़ने के लिए दिन रात जुटी हुई है। पुलिस द्वारा नशा तस्करों को काबू कर उनके खिलाफ पर्चे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अगर उनके क्षेत्र में कोई नशा बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
