फ़रीदकोट: जिले में 2 दिन पहले सरहिंद नहर के पास जन्मदिन मना रहे 3 युवक कार सहित नहर में डूब गए थे। 3 युवकों में से एक नौजवान की लाश चक्क मोदले वाला के पास से बरामद हुई। बाकी दोनों की तलाश के लिए NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है। बता दें दे कि हादसा मचाकी मल सिंह वाले पुल के पास हुआ था। उस दौरान लोगों ने कार को तो बाहर निकाल लिया लेकिन उसमें सवार तीन नौजवान पानी में बह गए। गोताखोर उनकी तलाश में जुटे हैं। कार सवार तीनों दोस्त बाजार से सामान लेकर नहर किनारे पहुंचे थे। हालांकि वहां पर उनका इंतजार कर रहे दो अन्य दोस्त बच गए।
जानकारी के अनुसार गांव बीहले वाला के रहने वाले पांच दोस्त अकाशदीप सिंह, सुखदीप सिंह, हरमन सिंह, जगमोहन सिंह व दविंदर सिंह अपने दोस्त अकाशदीप सिंह का जन्मदिन मनाने कार से मचाकी पुल के पास सरहिंद नहर किनारे पहुंचे। कुछ समय बाद खाने-पीने का सामान लेने हरमन, जगमोहन और दविंदर कार से बाजार लेने गए। जबकि अकाशदीप सिंह और सुखदीप सिंह नहर किनारे ही रुक गए। बाजार से लौटते समय मचाकी पुल के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी। बाहर बैठे दोनों दोस्तों के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार को तो बाहर निकाल लिया गया लेकिन तीनों नौजवानों का कुछ पता नहीं चल सका। लेकिन आज एक युवक की नहर से लाश बरामद हुई है।