चंडीगढ़ः पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। पंजाब में सोमवार को भी ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार की सुबह कोहरे के साथ हुई। बठिंडा शहर के कुछ हिस्सों में कोहरे की मोटी परत छाई हुई है, जिससे दृश्यता कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार रात साढ़े 11 बजे बठिंडा में दृश्यता 0 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से घने कोहरे में कमी आएगी और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
वहीं, पंजाब में 11 और 12 को बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को पंजाब में रोपड़ का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में 6.6, बठिंडा में 3.4, चंडीगढ़ में 4.5, जालंधर में 6.3, लुधियाना में 5.3, पठानकोट में 6.6 और पटियाला में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के मामले में चंडीगढ़ ने शिमला को भी पीछे छोड़ा हुआ है। पिछले पांच दिन से चंडीगढ़ में शिमला से भी ज्यादा सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लोगों को अभी राहत भी नहीं मिलने वाली है।
कोल्ड डे जारी रहेगा। कोल्ड डे तब कहा जाता है, जब दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री से कम दर्ज किया जा रहा है। इस समय में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ-नौ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार को भी सुबह और रात को धुंध पड़ने की आशंका है हालांकि दिन के समय मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को भी सुबह और रात के समय धुंध पड़ने की आशंका है। दिन के समय हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
