मोहालीः चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसके बाद वहां के खाने पीने की स्वच्छता पर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक फूड शॉप से लिए गए समोसे में कॉकरोच निकला है। इसकी शिकायत एयरपोर्ट अथॉरिटी के वरिष्ठ अधिकारियों से की गई है। समोसे में से कॉकरोच निकलने के बाद से फूड स्टॉल की स्वच्छता पर सवाल उठने शुरू हो गए है। शिकायत में अथॉरिटी ने वेंडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।
दरअसल, चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लिसा गर्ग नाम की यात्री 14 अक्टूबर को चंडीगढ़ से अहमदाबाद की फ्लाइट लेने के लिए एयरपोर्ट पहुंची थी। फ्लाइट लेने से पहले वह एक फूड स्टॉल पर जाती हैं, जहां से वह 190 रुपये 48 पैसे के 2 समोसे खरीदती हैं। जैसे ही वह समोसे को खाने लगती हैं तो देखती हैं कि समोसे में कॉकरोच है।
कॉकरोच मिलने के बाद वह इसकी शिकायत विक्रेता से करती हैं, लेकिन विक्रेता ने इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी के सीईओ राकेश रंजन साह को ई-मेल से जानकारी दी। हमारे पत्रकार से बात करते हुए राकेश रंजन ने कहा कि मामले में विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और अनुबंध प्रणाली में निर्धारित मानदंडों के आधार पर विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
