चंडीगढ़: विधानसभा चुनाव दौरान महिलाओं को एक हजार रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी पर सीएम भगवंत मान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जल्द ही एक हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। अगले बजट के नजदीक इस गारंटी को पूरा किया जाएगा। आम आदमी पार्टी द्वारा चुनाव के दौरान किए हर वादे को जरूर पूरा किया जाएगा। भगवंत मान ने कहा कि औरों की तरह हम यह नहीं कहेंगे कि खजाना खाली है।
खजाना भर जाएगा, यह कोई मजाक नहीं है, महिलाओं से किया वादा जरूर पूरा होगा। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब की अर्थव्यवस्था के बारे में भी बताया है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में भाजपा-अकाली दल की सरकार थी तो राज्य पर साढ़े 3 लाख का कर्ज था। हम इसे मैनेज करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि कर्ज ज्यादा न बढ़ जाए। आगे बोलते हुए सीएम मान ने कहा कि हम ओडिशा में महानदी कोलमाइन से कोयला लेते थे।
अभी तक कोयला सीधे ट्रेन से आता था, लेकिन अब कहा गया है कि पहले इसे ट्रकों से लाया जाए, उसके बाद जहाज पर लोड करो और श्रीलंका पोर्ट पर उतारो उसके बाद फिर पंजाब लेकर आओ। इससे पंजाब को 800 करोड़ का नुकसान होगा। इसके अलावा केंद्र सरकार से कहा कि भाखड़ा नंगल बांध पर हाइड्रो प्रोजेक्ट लगाने से 64 मेगावाट बिजली पैदा होगी। केंद्र ने कहा ठीक है लेकिन हरियाणा को भी योगदान देना होगा। इसी तरह झारखंड में पंजाब सरकार की खदानों से 50 फीसदी कोयला निकालने की कैप लगा दी गई है।