लुधियानाः पंजाब की झांकी को गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल ना किए जाने का मुद्दा गरमा गया है। दरअसल, आज लुधियाना पहुंचे सीएम मान ने 2 अहम बैठकें की। इसी बाच सीएम मान ने परेड में पंजाब की झांकी शामिल नहीं करने पर बड़ा बयान देते हुए पंजाब बीजेपी प्रधान सुनील जाखड़ को सीधा चैलेंज कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सुनील जाखड़ सबूत लाएं कि झांकी के डिजाइन में मेरी व अरविंद केजरीवाल की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि अगर जाखड़ साहब ने साबित कर दिया तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। अगर साबित नहीं कर पाए तो वह खुद कभी पंजाब न आए। सीएम मान ने कहा कि जाखड़ का दावा झूठा है, वह अभी नए-नए बीजेपी में गए हैं और झूठ बोलना सीख रहे हैं।
सीएम मान ने कहा कि उन्होंने खुली डिबेट रखी थी तो सुनील जाखड़ वहां पर क्यों नहीं आए। सभी राज्यों को अपना कल्चर दिखाने हक है तो पंजाब को क्यों नहीं, पंजाब के साथ सिर्फ भेदभाव किया जा रहा है। सीएम मान ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब मोदी बताएगा कि किन शहीदों की झांकी दिखाई जाना चाहिए। अब हम झांकी निकाल कर दिखाएंगे। 20 जनवरी से शुरू करके रोजाना 26 जनवरी तक दिल्ली में रोजाना पंजाब की झांकी निकाली जाएगी।
वहीं लुधियाना के विकास कार्यों और दूसरी ओर एनआरआई की समस्याओं को लेकर अहम बैठक हुई है, जिसमें कई अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हलवारा एयरपोर्ट का काम 15 फरवरी तक पूरा हो जाएगा। भवन निर्माण का 96 फीसदी काम पूरा हो जायेगा। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि राहु रोड प्रोजेक्ट पर भी आज से काम शुरू हो जाएगा। वे जनवरी माह में दोबारा आकर प्रोजेक्ट की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की झांकी पर किसी भी तरह की कोई तस्वीर नहीं लगाई गई है, बल्कि पंजाब की झांकी में पंजाब की संस्कृति, धर्म और विरासत को दिखाया गया है। अन्य राज्यों में भी ऐसा ही किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी झांकी पहले भी नौ बार रद्द हो चुकी है।