लुधियानाः सराभा नगर के ग्रीन एवेन्यू स्थित घर में रिटायर्ड DSP की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रिटायर्ड DSP के सिर में गोली लगने से मौत हुई है। मृतक की पहचान बरजिंदर सिंह भुल्लर के रूप में हुई है। बरजिंदर सिंह करीब 1 साल पहले वह सेवा मुक्त हुए थे और मानसिक रूप से वह बीमार थे। बताया जा रहा है कि भुल्लर ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। वह यहां अपने माता-पिता के साथ रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे विदेश में रहते हैं।
गोली चलने की आवाज सुनकर माता-पिता जैसे ही उनके कमरे में पहुंचे तो सभी हक्के-बक्के रह गए। खून से लथपथ बरजिंदर सिंह भुल्लर का शव कुर्सी नजदीक पड़ा था। परिजनों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग एकत्र हुए। लोगों ने तुरंत उनके परिजनों को संभाला और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर सराभा नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
सराभा नगर थाने के SHO इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि भुल्लर मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। SHO के मुताबिक भुल्लर ने अपने कमरे में कुर्सी पर बैठकर खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर उसके माता-पिता कमरे में गए तो कुर्सी पर उसका बेजान शव पड़ा देखकर दंग रह गए। उन्होंने गोली अपने सिर में मारी है। भुल्लर 2023 में तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी) से रिटायर हुए थे। विदेश रहती उनकी पत्नी और बच्चों को सूचित कर दिया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।