अमृतसर : आज सुबह अजनाला शहर में उस समय बड़ी सनसनी फैल गई जब अजनाला थाने के बाहर बम जैसी कोई वस्तु मिली। सूचना मिलते ही अजनाला थाने की पुलिस और पुलिस के आला अधिकारियों ने थाने के बाहर के इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। संदिग्ध वस्तु को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
थाने के दोनों तरफ वाहन खड़े कर रास्ता बंद किया गया है, ताकि किसी भी नुकसान को कम किया जा सके। बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा है कि यह बमनुमा चीज सच में बम है या नहीं। और अगर बम है तो इसमें किस तकनीक का इस्तेमाल किया गया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच जारी है।
कुछ समय से आतंकी गतिविधियों ने जोर पकड़ना शुरू किया है। यह शरारत दहशत फैलाने के लिए भी हो सकती है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यह वस्तु क्या है, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। किसी ने दहशत फैलाने के इरादे से इसे वहां रखा हो सकता है। इस मामले की अभी जांच की जा रही है।
