चंडीगढ़ः हिमाचल में आई बाढ़ के कारण पंजाब के 4 जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इस दौरान रोपड़, होशियारपुर, गुरदासपुर और कपूरथला के कई गांवों में पानी घुस गया है। सतुलज नदी पर बने भाखड़ा बांध और ब्यास नदी के पौंग डैम से फ्लड गेट खोले जाने के बाद ये हालात बने हैं।
हिमाचल प्रदेश में हो रही लगातार बारिश के बाद भाखड़ा डैम में लगातार पानी बढ़ रहा है। जिसके बाद अगले 5 दिन के लिए डैम के गेट 8-8 फुट खोल दिए गए हैं। भाखड़ा प्रबंधकों के मुताबिक कल मंगलवार को 35 साल बाद भाखड़ा डैम के फ्लड गेट 10-10 फुट खोलने पड़े थे। वहीं पौंग डैम से भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
पंजाब में बिगड़ते हालात देख CM भगवंत मान ने मंत्रियों को बाढ़ग्रस्त इलाकों में जाने के आदेश दे दिए हैं। उन्हें बचाव और राहत कार्य करने को कहा गया है। वहीं बचाव के लिए पंजाब सरकार ने आर्मी से मदद मांगी है। इसके लिए रोपड़ में हेलिपैड भी बना दिया गया है। NDRF पहले से बचाव कार्य में जुटी है।