अबोहरः पंजाब पुलिस के एक एएसआई की दो माह पूर्व हृदयाघात से हुई मौत के बाद बड़े बेटे को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिल गई। वहीं पिता की मौत से आहत छोटे बेटे ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता चलते ही थाना नंबर 2 की पुलिस ने मृतक के शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह रखवा 174 की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला पंजाब के अबोहर जिले का है। मृतक आर्य नगर का निवासी था।
परिजनों ने बताया कि पंजाब पुलिस के एएसआई आर्य नगर निवासी शगन लाल फाजिल्का में तैनात थे और दो माह पहले ही उनका अचानक हृदयाघात से निधन हो गया। पिता की मौत के बाद उनका छोटा बेटा भूपेंद्र उर्फ गग्गी (22) मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र डीएवी बीएड कॉलेज में बीपीएड की पढ़ाई करने के साथ ही शाम को युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग भी देता था। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र के बड़े भाई रविंद्र को अपने दिवंगत पिता की जगह अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी मिल गई थी और आज वह एसएसपी आफिस में अपने दस्तावेज जमा करवाने गया था।
इधर, भूपेंद्र सिंह ने घर में खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की मां ने जब उसे फंदे पर झूलता देखा तो आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारकर तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रहे थाना नंबर 2 के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि मृतक भूपेंद्र भी अपने पिता की भांति ही होनहार नौजवान था लेकिन पिता के गम में वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई की गई है।