लुधियानाः लाडोवाल से साउथ सिटी जाते समय एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न अवस्था बरामद हुआ। मिली जानकारी के अनुसार महिला का शव सड़क किनारे चादर में लिपटा हुआ पड़ा था और चेहरा बुरी तरह से जला हुआ है। वहीं सड़क से गुजर रहे किसी राहगीर ने महिला को चादर में अर्धनग्न हालत में लिपटा देखा तो उसने तुरंत नजदीकी किसी गांव बग्गा कलां के सरपंच को सूचित किया। मौके पर आस-पास के लोग एकत्र हुए जिन्होंने थाना लाडोवाल की पुलिस को सूचित किया।
घटना स्थल पर पहुंच पुलिस ने शव की पहचान करने की काफी कोशिश की लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस ने शव को पहचान करवाने के लिए देर रात सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए थाना लाडोवाल के एसएचओ के लवदीप सिंह ने कहा कि थाना में नजदीकी किसी गांव के सरपंच ने उन्हें फोन पर सूचित किया कि एक महिला का शव चादर में लिपटा हुआ साउथ सिटी पुल किनारे पड़ा है। फिलहाल मामला अभी संदिग्ध है।
घटना स्थल से कुछ क्लू फॉरेंसिक जांच में भेजे जाएंगे। आस-पास के सीसीटीवी भी चैक करवाए जा रहे है। थाना प्रभारी ने कहा कि शव की हालत से लग रहा है कि महिला के शरीर पर भी कोई पदार्थ डाला गया है। बता देंकि इससे पहले बीते दिन जालंधर के बस्तीयाद इलाके में अदजला पुरुष का शव बरामद हुआ था। हालांकि उस मामले को सुलझाने में पुलिस लगी हुई है कि अब लुधियाना में महिला का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया।