चंडीगढ़ः पंजाब में लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और आप के साथ गठबंधन को लेकर जहां भाजपा ने घेराव करना शुरू कर दिया है। वहीं कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने आप के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। इस दौरान आप की पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने को मामले में बड़ा बयान दिया है। अनमोल गगन मान ने मीडिया के दौरान कांग्रेस से गठबंधन कर चुनाव लड़ने को लेकर मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हमें किसी से गठबंधन करने की जरूरत नहीं है।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि ‘बीते डेढ़ साल में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने जो हमारे साथ किया, उसे किस तरह भुलाएं और गठजोड़ कर लें।’ पंजाब कांग्रेस की ओर से बीते दिन आयोजित बैठक में जिला प्रधानों के अलावा अधिकांश सीनियर नेताओं ने यही सवाल उठाया। राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन में कांग्रेस और आप के एक साथ आने के बाद पंजाब में भी दोनों दलों के बीच गठजोड़ की चर्चा गर्म है।