अमृतसर: पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस नशे की बड़ी खेप बरामद की है। वही पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जिसमें अमृतसर सेंट्रल जेल में वार्डन की पोस्ट पर तैनात आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सीमा पार यानी पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाने वाले दो भाइयों से सप्लाई लेता था और जेल में कैदियों को बेचता था। इसके साथ अन्य तीन आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश, सतविंदर पाल सिंह उर्फ सत्ती और गुरमेज सिंह के तौर पर हुई है।
पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर बताया कि गुरमेज सिंह सेंट्रल जेल अमृतसर में वॉर्डन के पद पर तैनात है। गुरमेज जेल में बंद कैदियों को हेरोइन सप्लाई करता था।जानकारी के मुताबिक सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 4.5 किलोग्राम हेरोइन और 4.32 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है।
हेरोइन की इंटरनेशनल मार्किट में वैल्यू 32 करोड़ है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी आकाशदीप सिंह और सतिंदर पाल सिंह पाकिस्तान में बैठे ड्रग तस्करों के सीधे संपर्क में थे, जो सीमा पार से ड्रग्स की तस्करी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे थे। फिलहाल इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा रही है और गहनता से पूछताछ की जा रही है।
