अबोहरः ईदगाह बस्ती में साले की शादी में आए उसके 2 जीजाओं को मोहल्ले के ही कुछ नशेड़ी युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया। पीड़ितों ने नशेड़ी युवकों को शराब देने से मना किया था। मिली जानकारी के अनुसार आगरा निवासी लच्छी राम व बृजेश ने बताया कि वह यहां गत रात अपने साले गोलू की शादी में आए थे। रात के समय अपनी कार में बैठकर बातें कर रहे थे।
इसी दौरान मोहल्ले के 3-4 युवक आए और उनकी कार का शीशा खुलवाकर शराब पिलाने की मांग करने लगे। जब उन्होंने इस बात से मना किया तो युवकों ने पहले तो ईंटों से कार के शीशे तोड़ दिए। फिर उन्होंने अपने पास मौजूद तेजधार हथियारों से उनके सिर पर प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। उनका शोर सुनकर अन्य बाराती एकत्र हुए और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी। इधर, थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि घायलों की एमएलआर ऑनलाइन उन्हें मिल गई है। इसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।
