अमृतसरः देहाती के एसएसपी सतिंदर सिंह के निर्देशानुसार सब-डिवीजन अजनाला के अधीन आते थाना रमदास की पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 तस्करों को बाइक सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो हेरोइन बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अजनाला राज कुमार ने बताया कि आरोपियों से बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 करोड़ रुपए कीमत आंकी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र गुरजीत सिंह निवासी गांव घुमराए और गुरमुख सिंह पुत्र चन्नण सिंह निवासी गांव नंगल सोहल के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रामदास पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान बड़े खुलासे होने की संभावना है।
