चंडीगढ़ः सेक्टर-3 में आज रोड पर अचानक पल्सर 220 मोटर साइकिल में भीषण आग लग गई। बीच सड़क बाइक ऐसे धू-धू कर जली कि लोगों देखकर दहशत में आ गए। वहीं गनीमत रही कि धुंआ निकलते में भाई-बहन ने बाइक साइड में लगा दी और उतर गए। इससे उनकी जान बच गई। धुंआ निकलने के बाद देखते ही देखते बाइक ने आग पकड़ ली थी। बताया जा रहा है कि बाइक हिमाचल नंबर का थी।
बाइक के मालिक हर्ष कुमार ने बताया कि वे सेक्टर-17 से अपनी बहन के साथ बर्ड पार्क जा रहे थे कि अचानक बाइक से धुंआ और चिंगारियां निकलने लगी। यह देखकर उन्होंने बाइक को साइड में लगाया। जैसे ही वे दोनों उतरे, बाइक को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। हर्ष कुमार ने बताया कि समय रहते वे दोनों बाइक से उतर गए थे, जिससे उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह से जल कर राख हो गई। बहन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया। कुछ ही मिनटों में फायर टेंडर मौके पर पहुंच गई और आग को बुझाया। वहीं कुछ देर के लिए सड़क और ट्रैफिक की आवाजाही भी रोक दी गई।