पटियालाः नाभा के छिंटावाला रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरी पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (PRTC) की बस सड़क से नीचे कच्चे रास्ते पर उतर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, यह बस बरनाला डिपो की थी और बरनाला से अंबाला कैंट की ओर जा रही थी। हादसा उस वक्त हुआ जब सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक गाड़ी ने बस को साइड मार दी। बस चालक ने बताया कि अचानक हुई इस घटना के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतर गई, हालांकि बस पलटते-पलटते बच गई। बस के सड़क से नीचे उतरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला गया। कुछ समय बाद हालात पूरी तरह नियंत्रण में आ गए।
हादसे के बाद ट्रॉली मंगवाकर बस को कच्चे रास्ते के जरिए बाहर निकाला गया। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि यदि बस पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन चालक की सूझबूझ और समय रहते नियंत्रण पाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
