अहमदाबादः जिले में सोमवार को पेट्रोल की किल्लत को लेकर आम जनता परेशान नजर आई। बताया जा रहा है कि शहर के कई पेट्रोल पंप पर अचानक पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। जिससे लंबी कतारें देखने को मिलीं। बताया जा रहा है कि कम से कम 4 से 5 पेट्रोल पंप ऐसे हैं जहां पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। स्थिति सिर्फ अहमदाबाद तक सीमित नहीं है। गुजरात के अन्य शहरों जैसे राजकोट और द्वारका में भी कई पेट्रोल पंप पर इसी तरह की समस्या सामने आई है। इससे यह संकेत मिल रहा है कि सप्लाई में कोई बड़ी रुकावट आई है।
पेट्रोल पंप मालिकों का कहना है कि यह समस्या अस्थायी है। उनके मुताबिक, वीकेंड की वजह से पेट्रोल के टैंकर समय पर नहीं पहुंच सके। अब उम्मीद जताई जा रही है कि आज शाम तक टैंकर पहुंच जाएंगे और स्थिति सामान्य हो जाएगी। हालांकि, इस बीच कुछ पेट्रोल पंप मालिकों ने नाम न बताने की शर्त पर एक बड़ा संकेत दिया है। उनका कहना है कि अगर सप्लाई जल्दी बहाल नहीं होती, तो संकट और गहरा सकता है। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि पेट्रोल के दाम बढ़ सकते हैं। ग्राहकों को भी इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
अहमदाबाद के एक पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहक चंदन ने बताया कि उन्हें पेट्रोल नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक-दो नहीं, बल्कि कई जगहों पर यही हाल है। इस अचानक आई किल्लत ने लोगों के बीच घबराहट भी बढ़ा दी है। कई लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे समस्या और बढ़ सकती है। फिलहाल, सबकी नजर इस बात पर है कि शाम तक टैंकर पहुंचते हैं या नहीं। अगर सप्लाई समय पर बहाल हो जाती है तो हालात जल्दी सामान्य हो सकते हैं। लेकिन अगर देरी हुई, तो यह संकट बड़े स्तर पर फैल सकता है।
