भाजपा कार्यक्रम में बोले, दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत का असर अब पूरे देश में पड़ेगा
ऊना/सुशील पंडित: देश की राजधानी दिल्ली विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर कुटलैहड़ में जश्न समारोह मनाया गया। जिस में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंद्र भुट्टो विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान भाजपा नेता दविंद्र भुट्टो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना की और उन्हें दिल्ली में भाजपा की बंपर जीत का हीरो बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और विकासोन्मुखी नीतियों के कारण दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है।
इस जीत से स्पष्ट है कि दिल्ली की जनता भ्रष्टाचार, महंगाई, लूटपाट और झूठे वादों से मुक्ति चाहती है, जो भाजपा की नीतियों के माध्यम से संभव हो सका है। भुट्टो ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार और झूठे वादों को नकारते हुए भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस जीत के बाद अन्य राज्यों में भी भाजपा और मजबूत होगी, क्योंकि जनता अब विकास और पारदर्शिता की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। भुट्टो ने कहा कि दिल्ली में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटों के साथ अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा से हार गए।
भुट्टो ने कहा कि इस जीत के साथ, भाजपा ने दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। इससे पहले, 1998 से 2013 तक कांग्रेस और 2015 से 2025 तक आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शासन किया था। भाजपा की इस जीत को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आगामी चुनावों में पार्टी के मनोबल को बढ़ाएगी। कुटलैहड़ के लक्ष्मी पैलेस में आयोजित इस जश्न में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भुट्टो ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और उन्हें आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “यह जीत हम सभी के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, और हमें इसी तरह मिलकर काम करते रहना होगा ताकि भाजपा की नीतियों का लाभ हर नागरिक तक पहुंच सके। भुट्टो ने कहा कि ने दिल्ली के विकास के लिए भाजपा ने कई योजनाओं की घोषणा चुनावों में की है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और बुनियादी ढांचे में सुधार शामिल हैं। भुट्टो ने कहा कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यालय दिल्ली में अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी। भुट्टो ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाया है, बल्कि देश की राजनीति में भी एक नया मोड़ लाया है। इस जीत से स्पष्ट है कि जनता अब विकास, पारदर्शिता और ईमानदारी की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है, जो भाजपा की नीतियों के अनुरूप है।
भुट्टो ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान जनता से जो वादे किए हैं। जिसमें बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, रोजगार के नए अवसर, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल थे। भाजपा ने इन वादों को “मोदी की गारंटी” के रूप में जनता के सामने रखा, जिसका व्यापक असर देखने को मिला।
भुट्टो ने इस जीत को प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की जीत बताते हुए जनता का आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार राजू,बलराम बबलू, सूरम सिंह,सुदर्शन शर्मा भाजपा नेत्री संतोष सैनी,अभय राणा के अलावा सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
