जालंधरः शहर में चोरियों के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं अब लोग भी चोरों पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह चौकस दिखाई दे रहे हैं। इसी कड़ी में लोगों ने एक चोर को पकड़कर छित्तर परेड की। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उसे थाने भेज दिया गया। दरअसल, देर रात सिटी के मकसूदां एरिया में कुछ युवकों ने संदिग्ध को घूमते हुए रोका और उससे पूछताछ की। इस दौरान उसकी तलाशी ली तो जेब से छुरा बरामद हुआ।
लोगों ने बताया कि उन्होंने इस युवक को एक प्रवासी को रोककर लूटने का प्रयास करते देख लिया था जिससे इस पर शक गहरा गया। तलाशी में जब छुरा मिला तो उसकी पिटाई की गई लेकिन युवक ने कुछ भी सच नहीं उगाला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को 112 नंबर पर कॉल लगा दी। मौके पर पहुंची पीसीएआर टीम युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने कहा कि थाने जाकर इससे पूछताछ की जाएगी।
जानकारी देते कुछ लोगों ने बताया कि इस इलाके में बीते कुछ दिनों से लगातार चोरियां हो रही हैं। इस युवक को मोहल्ले में पहले भी घूमते हुए देखा गया है। कुछ दिन पहले ही यहां से नई एक्टिवा चोरी हो गई थी। इसकी जेब से छुरा निकला है। वहीं युवक भीड़ से बचने के लिए ये कहता रहा कि वह चोर नहीं है। इस पर लोगों ने पूछा कि अगर चोर नहीं हो तो इतना बड़ा छुरा जेब में लेकर क्यों घूम रहे हो।
बाद में लोगों ने डायल 112 पर शिकायत की जिसके बाद मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मी चरनजीत ने युवक के कब्जे से मिला चाकू जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी युवक को थाने ले गए। पीसीआर कर्मी ने बताया कि युवक को थाने ले जाकर पूछा जाएगा कि ये चाकू कहां से आया है और वह रात को क्यों बाहर घूम रहा था। पूछताछ के बाद अगर वह आरोपी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।