पांढुर्णाः जिले के लोधीखेड़ा क्षेत्र के बोरगांव में कलश यात्रा के दौरान सड़क हादसे में पंचायत कर्मी की मौत का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तेजराम काकड़े के रूप में हुई है, जो पंचायत में कार्यरत थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोधीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
जानकारी देते मृतक के परिजनों ने बताया कि इलाके में धार्मिक कलश यात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक आया और तेजराम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने कहा कि कलश यात्रा के दौरान पुलिस ने ठीक ढंग से व्यवस्था नहीं की थी। यदि ट्रक की इंट्री रोक दी जाती तो यह हादसा नहीं होता।
लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
