अमृतसरः पंजाब में देश की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इंडियन आर्मी से संबंधित संवेदनशील इंटेलिजेंस जानकारी पाकिस्तानी हैंडलर तक पहुंचाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरपाल सिंह, निवासी अजनाला के रूप में हुई है।
इस इलाके से पाकिस्तानी जा-सूस का-बू#encounternews #newsupdates #punjabupdates #punjabnews pic.twitter.com/rsD5eI5FVg
— Encounter India (@Encounter_India) February 8, 2026
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पास से आर्मी से जुड़े इंटेलिजेंस डेटा वाली एक सीडी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन डिवाइसों में सेना से संबंधित महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारी मौजूद थी, जिसे आरोपी लगातार पाकिस्तानी हैंडलर को भेज रहा था।
पुलिस ने बताया कि इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसके तहत आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि हरपाल सिंह पिछले करीब एक साल से पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था और नियमित रूप से आर्मी से जुड़ा डेटा साझा कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह मामला जासूसी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि आरोपी को यह इंटेलिजेंस जानकारी कहां से मिल रही थी, क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है, और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।
