ऊना/ सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय, वंगाणा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर के छठे दिवस का शुभारंभ प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रार्थना सभा के उपरांत विभिन्न ग्रुप लीडर्स ने अपनी-अपनी टीमों की दैनिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें स्वयंसेवियों की अनुशासनप्रियता, सक्रिय भागीदारी एवं कार्यनिष्ठा की सराहना की गई।
नाश्ते के पश्चात एक बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में मुख्य वक्ता एडवोकेट बबीता एवं एडवोकेट सृष्टि चंदेल ने “भारत में कानूनी प्रक्रिया, कानूनी साक्षरता, डिजिटल अरेस्ट, घरेलू हिंसा, निःशुल्क विधिक सहायता (लीगल एड) तथा साइबर सुरक्षा” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने डिजिटल ठगी, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में अधिकृत माध्यमों से सहायता लेना आवश्यक है। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। दोपहर पश्चात स्वयंसेवियों ने गोद लिए गए ग्राम न्यायली एवं मुशली का भ्रमण किया।
इस अवसर पर बागवानी अधिकारी वंदना देवी ने राज्य सरकार द्वारा संचालित “शिवा परियोजना” के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 250 कनाल भूमि पर बागवानी विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को स्वरोजगार एवं आय के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। स्वयंसेवियों को परियोजना स्थल का अवलोकन भी करवाया गया। इसके पश्चात NSS स्वयंसेवियों ने ग्राम में स्थित प्राकृतिक बावड़ी की सफाई कर जल स्रोत संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक किया। इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी, मुशाली पंचायत के उपप्रधान अजय शर्मा, बागवानी अधिकारी वंदना देवी, NSS अध्यक्ष गौरव कुमार, NSS कैप्टन अंकिता ठाकुर सहित अन्य स्वयंसेवी उपस्थित रहे।कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर सिकंदर नेगी ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, कानूनी जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।